मां का मोबाइल - ब्रज श्रीवास्तव

ब्रज श्रीवास्तवब्रज श्रीवास्तव5 Sept 1966

5 min read · 12.4K reads

आज इंतज़ार ही रहा
पर नहीं आया मां का फोन

ज़रूर चार्ज नहीं हो पाया होगा
सुबह से सभी बच्चों से बात
करते करते हो गया होगा डिस्चार्ज

मां आखिर सीख ही ग‌ईं
फोन संभालना
चश्मे में से देखकर जब वह
खोजती है बेटी का नंबर
अद्भुत दृश्य होता है
जैसे मिलने ही वाला हो उनको राहत का
ख़ज़ाना

कहीं जाते समय अब
दवाई के बैग के साथ साथ
मोबाइल और चार्जर रखना नहीं भूलती वह

दूर बैठे बच्चों को फोन नहीं लग पाना
यानि अधूरी रह जाना
दिनचर्या
है मां के लिए

सबको साथ देखने की
तलब कुछ तो कम हो जाती है
जी भर के बतिया लेने से
सत्तर की उमर में
यही संवाद ही तो हैं जो मां की खुशी की पौध में
पानी सींचते हैं।

सबको सबसे है
हाल चाल नहीं पूछने की
शिकायत
पर मां ने अपने
मोबाइल से जोड़ रखा है रिश्तों को

मां से नहीं है
किसी को शिकायत।
ब्रज श्रीवास्तव
About the poet

ब्रज श्रीवास्तव

View profile & all 49 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like