लाये हैं बांधकर - ब्रज श्रीवास्तव

ब्रज श्रीवास्तवब्रज श्रीवास्तव5 Sept 1966

4 min read · 12.4K reads

जितने बचपन में देखे थे
उतने इस कस्बे में
नहीं दिखाई देते कबूतर
कुछ परंपराओं की तरह
जैसे ये भी गायब हो गये हैं

अलबत्ता महानगर की
पांचवी मंजिल पर भी
उड़ उड़ कर आ जाते हैं
पर परंपराएं यहां भी गायब हैं

डूबने मन होता है
इनकी टुकुर टुकूर आँखों में
कम से कम इतना तो
उड़ना आना चाहिए मुझे भी
जितना उड़ना मैं इनका देख रहा हूँ

सोच रहा हूँ
ये एस.एम.एस, ये कोरियर सेवाएं
अपनी परंपरा में
कबूतर के बारे में तो
जरूर पढ़ते होंगे

इन कबूतरों ने
पता नहीं प्रेमिकाओं की चिट्ठीयां
पहुंचाई होंगीं या नहीं
उनके प्रेमियों तक

पता नहीं उस सदी में
बादशाहों के सियासती ख़त
भेजे होंगे या नहीं

मगर
इस वक्त ज़रूर ये कबूतर
बचपन की एक स्मृति को
बांधकर लाये हैं
मुझे देने के लिए
ब्रज श्रीवास्तव
About the poet

ब्रज श्रीवास्तव

View profile & all 49 Poems / Stories