सोचो सोचो सोचो सोचो - बोधिसत्व

बोधिसत्वबोधिसत्व11 Sept 1968

6 min read · 12.4K reads

यदि तुम पेड़ की तरह चुप रहोगे
वे तुम्हें अपनी कुर्सी अपना तखत बना लेंगे
यदि तुम पशुओं की तरह निहत्थे रहोगे
वे तुम्हारी खाल उतार कर तुम्हें बुहारते रहेंगे इस जंगल से उस जंगल तक
यदि तुम पंछियों की तरह केवल उड़ना और चुगना जानोगे
वे तुम्हें लोहे और सोने के पिंजरे में सुलाएँगे
यदि तुम पृथ्वी की तरह बिछे रहोगे
वे निर्दय तुम्हें जोतते-तोड़ते रहेंगे
यदि तुम पहाड़ों की तरह खड़े रहोगे मौन
वे तुम्हें टुकड़े-टुकड़े करके बना लेंगे अपनी सड़क

यदि तुम रुई की तरह रहोगे मूक
तो वे करते रहेंगे तुम्हें टूक-टूक
यदि तुम बिना दरवाज़े वाले घर की तरह रहोगे
वे तुम्हें अपना आँगन बना लेंगे
यदि तुम रहोगे बिना कारतूस की पिस्तौल ख़ाली
तो सहोगे अपमान और ग़ाली

अब तुम्हें ही तय करना है
कि क्या हो तुम्हारा
कोई और नहीं हो सकता विधाता तुम्हारा

कुर्सी बननी है या बुहारा जाना है
पिंजड़े में रहना है या जोते जाना है
सड़क बनना है या होना है टूक-टूक
बनना है आँगन या सुनना है गाली

सोचो सोचो सोचो सोचो
न हंँसो न रोओ न गाओ न बजाओ ताली
अब यह दुनिया बिना तुम्हारे कुछ किए तो
अणु भर भी नहीं बदलने वाली।
बोधिसत्व
About the poet

बोधिसत्व

View profile & all 88 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like