मैं ख़रीदता हूँ पिता,
तुम्हारी पसंद का जूता,
घड़ी, क़लम, स्याही,
लिखता हूँ रूलदार काग़ज़ पर
जैसे तुम लिखते थे...।
वैसे ही पहनता हूँ कपड़े,
काढ़ता हूँ माँग, दिखता हूँ वैसा ही
जैसे तुम दिखते थे।
कभी-कभी पढ़ता हूँ गीता,
रात गए झाड़ता हूँ किताबों की धूल
कभी-कभी तुम्हें बहुत ढूँढ़ता हूँ घर में, वन में, निर्जन में
कभी-कभी चढ़ाता हूँ तुम्हारी फ़ोटो पर फूल।








