कितनी-कितनी बार हुआ है
भीग-भाग कर घर आया हूँ।
कितनी-कितनी बार हुआ है
तुम्हें ताप कर गरमाया हूँ।
कितनी बार हुआ है ऐसा
सूने में तुमको पाया हूँ।
कितनी बार हुआ है ऐसा
तुम्हें बाँह में लिपटाया हूँ।
कितनी बार लगा है ऐसा
तुमको खोकर, फिर पाया हूँ,
कितनी बार लगा है ऐसा
मैं तेरे मन की छाया हूँ।
कितनी-कितनी बार हुआ है,
कितनी बार हुआ है ऐसा,
कितनी बार लगा है ऐसा।








