काफ़ी दिन हो गए

भवानीप्रसाद मिश्रभवानीप्रसाद मिश्र29 Sept 1913 – 20 Sept 1985

1 min read · 12.4K reads

काफ़ी दिन हो गए

लगभग छै साल कहो

तब से एक कोशिश कर रहा हूँ

मगर होता कुछ नहीं है

काम शायद कठिन है

मौत का चित्र खींचना

मैंने उसे

सख़्त ठंड की एक

रात में देखा था

नंग-धड़ंग

नॉयलान के उजाले में खड़े

न बड़े दाँत

न रूखे केश

न भयानक चेहरा

ख़ूबसूरती का पहरा अंग-अग पर

कि कोई हिम्मत न

कर सके

हाथ लगाने की

आस-पास दूर तक कोई

नहीं था उसके सिवा मेरे

मैं तो

ख़ूबसूरत अंगों पर

हाथ लगाने के लिए

वैसे भी प्रसिद्ध नहीं हूँ

उसने मेरी तरफ़ देखा नहीं

मगर पीठ फेरकर

इस तरह खड़ी हो गई

जैसे मुझे उसने देख लिया हो

और

देर तक खड़ी रही

बँध-सा गया था मैं

जब तक

वह गई नहीं

देखता रहा मैं

उसके

पीठ पर पड़े बाल

नितंब पिंडली त्वचा का

रंग और प्रकाश

देखता रहा

पूरे जीवन को

भूलकर

और फिर

बेहोश हो गया

होश जब आया तब मैं

अस्पताल में पड़ा था

बेशक मौत नहीं थी वहाँ

वह मुझे

बेहोश होते देखकर

चली गई थी

तब से मैं

कोशिश कर रहा हूँ

उसे देखने की

लेकिन हर बार

क़लम की नोक पर

बुन देता है कोई

मकड़ी का जाल

या बाँध देता है

कोई चीथड़ा-सा

या कभी

नोक टूट जाती है

कभी एकाध

ठीक रेखा खींचकर

हाथ से छूट जाती है

लगभग छै साल से

कोशिश कर रहा हूँ मैं

मौत का चित्र

खींचने की

मगर होता कुछ नहीं है!

भवानीप्रसाद मिश्र
About the poet

भवानीप्रसाद मिश्र

View profile & all 173 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like