वह लड़का दुबला-पतला था - भारत यायावर

भारत यायावरभारत यायावर29 Sept 1954

10 min read · 12.4K reads

वह लड़का दुबला-पतला था
मेरी आंखों में पलता था
वह भावुक औ अलबेला था
कविता में जीता-मरता था
वह मेरे मन को भाता था
मैं उसे देखता रहता था
फिर उसको प्राणों में भरता था

वह बच्चों जैसा प्यारा था
मासूम शरारत करता था
वह अनिल अनल बन जाता था
पर नहीं किसी को डँसता था
पर परम मित्र था मेरा वह
वह मुझसे मोहब्बत करता था

जब भी मिलता बाँहें पसार
बातें करता ज्यों किस्सागो
देखा करता कुछ झुक-झुककर
जब भी चलता कुछ रुक-रुककर
जब भी जाता वह दूर-दूर
अपलक निहारता रहता था

उसके पत्रों के आने की
मैं रोज प्रार्थना करता था
मैं निसदिन ताका करता था
जब आ जाती तब कई बार
पढ़-पढ़कर के फिर-फिर पढ़ता था
फिर अपने भावों को उलीच
एक पत्र डूबकर लिखता था

चिट्ठी-पत्री की आवाजाही
नियमित ही होती रहती थी

उन पत्रों में होते हाल-चाल
कुछ इधर-उधर
कुछ खामोशी
कुछ ख़बर-बाख़बर-खबरदार
कुछ धारदार
कुछ शानदार
शब्दों के चलते रण अपार
भीषण होते
कुछ वाक् युद्ध
असहमतियों भरा तीखा विवाद
फिर नोंक झोंक
हम दोनों चिट्ठी लिखते थे
हम प्यार बहुत ही करते थे
पर लड़ते और झगड़ते थे

भावुकता की वह अमरलता
हमसे तब लिपटी रहती थी
भाषा का जादू बरकरार
हम लिखते-पढ़ते रहते थे

उन पत्रों में था भरा प्रेम
रसधार बरसती रहती थी
मन आकुल-व्याकुल रहता था
फिर भी कितना कम कहता था

वे दिन मतवाले यौवन के
जब सपनों से भरपूर थे हम
कविता में जीते-मरते थे
धड़कन अपनी कविता ही थी
सांसों में कविता बसती थी
कविता से आँखें पगी-पगी
कविता हमको ही रचती थी

अल्हड़-मतवाले दिन थे वे
जिनका न कहीं था ओर -छोर
पर बंधे हुए हम एक डोर

तब ज़ेब हमारी खाली थी
पर जीवन में हरियाली थी

मैं उन यादों के साथ बंधा
अब भी अपने को पाता हूँ
चलता हूँ अब भी दिवस-शाम
पर कहाँ कहीं जा पाता हूँ
उन यादों की गठरी लेकर
सिरफिरे किसी नामालूम से
 मैं घंटों तक बतियाता हूँ।
भारत यायावर
About the poet

भारत यायावर

View profile & all 49 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like