मेरे मन-मिरगा नहीं मचल - भारत भूषण

भारत भूषणभारत भूषण8 Sept 1929 – 17 Sept 2011

2 min read · 12.4K reads

मेरे मन-मिरगा नहीं मचल
हर दिशि केवल मृगजल-मृगजल!

प्रतिमाओं का इतिहास यही
उनको कोई भी प्यास नहीं
तू जीवन भर मंदिर-मंदिर
बिखराता फिर अपना दृगजल!

खौलते हुए उन्मादों को
अनुप्रास बने अपराधों को
निश्चित है बाँध न पाएगा
झीने-से रेशम का आँचल!

भीगी पलकें भीगा तकिया
भावुकता ने उपहार दिया
सिर माथे चढा इसे भी तू
ये तेरी पूजा का प्रतिफल!
भारत भूषण
About the poet

भारत भूषण

View profile & all 22 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like