डर - भागवतशरण झा अनिमेष

भागवतशरण झा अनिमेषभागवतशरण झा अनिमेष5 Sept 1963

4 min read · 12.4K reads

बेटी फिर आएगी
डर लगता है

बेटी फिर जाएगी
डर लगता है

वसन्त की तरह आना होता है उसका
और हेमन्त की तरह जाना

राह है बीहड़, कंटकित, दुर्गम
हिंस्र पशुओं से भरा
मोड़ है अजाना

फिर भी बेटियों को पड़ता है आना
बेटियों को पड़ता है जाना
तितलियों की तरह
हँसी-ख़ुशी निकलती हैं बेटियाँ
फुलसुँघनी की तरह मँडराती हैं
दिल धड़कने लगता है जनक का
जब समय पर नहीं लौटती है मैथिली या वैदेही

बेटियाँ हैं या गोकुल की गोधूलि में गुम गौएँ
कहीं भी जाएँ ब्रज को बिसार नहीं पाती हैं।

जब तक हैं बेटियाँ
भय का पर्याय है शहर
फिर कैसे न कहें कि डर लगता है

चलो, मन को बना लें वृन्दावन
घेर कर मार डालें इस डर को
अन्तरिक्ष तक जाएँ और सकुशल लौट आएँ बेटियाँ
अप्रासंगिक हो जाए पुराना तकियाक़लाम--
डर लगता है
डर लगता है।
भागवतशरण झा अनिमेष
About the poet

भागवतशरण झा अनिमेष

View profile & all 4 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like