घर के बाहर के सारे दुख
घुस आए घर के अंदर तक
घर के अंदर के सारे दुख
फैल गए घर के बाहर तक
भीतर-बाहर के सारे दुख
इतने सारे...
इतने सारे...
जिसे सुनाएँ
वही सुनाने लगता है पहले
अपना दुख
सब तरफ़ दुख
यह नगरी दुख की
सुख की चर्चा तक
कोई करता नहीं
अजब दौड़ है
अपने-अपने दुख दिखलाने में
हर एक दूसरे से
आगे निकल रहा है
लेकिन जिनके पास
दुखी होने-दिखने के
सुख-साधन हैं
उनके दुख तो
छपते भी हैं
बिकते भी हैं
दिखते भी हैं
कैसे-कैसे लोग पड़े हैं अब भी
जिन्हें आज तक यह भी पता नहीं
कि आज की इस दुनिया में
दुख के चेहरे
कितने बदल गए हैं
तरह-तरह के
घर बैठे के
नए-नए दुख उग आए हैं
और अभी वे
जूझ रहे हैं
अपने वही पुराने
बस दो चार दुखों से
बेहतर हो
दुख के इस प्रसंग में
ऐसे लोगों की
चर्चा ही नहीं करें हम
दुख की इस अनमोल घड़ी में
आओ बैठकर थोड़ी देर
दुख की प्रासंगिकता पर
बहस करें।








