एक होता है दुख
और एक उसका सलीक़ा होता है
जैसे
कोई एक दुख
पाल-पोस कर बड़ा किया
और उसे
ओवरकोट की तरह कान तक
ओढ़कर
दार्शनिक अंदाज़ में
चेहरा लटका लिया
यानी
ओवरकोट में रहे आते हुए
ऊपर न उठ पाने का दुख
लटके हुए चेहरे के
विशिष्ट न हो पाने का दुख
उसका दुख
उसका अपना दुख।








