स्वाद तुम्हारा नहीं है अद्भुत
न ज़ुबान पर चढ़ राज़ ही करती
नाम सुनकर तुम्हारा
मुँह में सोता भी नहीं फूट पड़ता
फिर भी खेखसी, मेरी जान
तुमसे प्यार है
छत्तीसगढ़ की खेखसी ओड़िया की काँकड़
मराठी की काटवेल मेरी जान
तुमसे प्यार है
अंडाकार कँटीली
काई से हरे में तोते की हरियल
पक जाए गर थोड़ी तो हरियल में उतर आता पीला
और बीज अंदर
मूँगे के रंग का गोल गीला
खेखसी, मेरी जान
तुम बाड़ियों से टूटकर
दलालों की राह नहीं तकती
अक्सर ही सीधे पहुँचती बाज़ार
कुल जमा एक ही महीने दिखती
लेकिन जितनी भी देर दिखती
मन मोह लेती
बाज़ार की सब्ज़ियों में सबसे छोटी ढिग
और वहाँ भी एकाध ही के पास
जैसे कहती हुई
है जिसके पास कलेजा
करे वही मेरा सौदा
हाइब्रिड संस्करणों की भेड़चाल से अलग
सच्चे गाहक के इंतज़ार में बैठी खेखसी, मेरी जान
हाँ, तुमसे प्यार है।








