घर और पड़ोस - बसंत त्रिपाठी

बसंत त्रिपाठीबसंत त्रिपाठी25 Sept 1972

5 min read · 12.4K reads

एक मेरा घर है
जहाँ मैं रहता हूँ
एक मेरा पड़ोस है
जहाँ पड़ोसी रहते हैं
पड़ोसी कभी देखते हैं
तो दूर से मुस्कुरा देते हैं
बदले में मैं भी मुस्कुराता हूँ
यदि नजर पहले मेरी पड़ी तो
यह क्रम उलट जाता है

न वे मेरे घर आते
न मैं उनके घर जाता
हममें लड़ाई या कहा-सुनी की गुंजाइश बिल्कुल नहीं है
गो कि वक्त ही कहाँ है हमारे पास इतना

उनके घर में लेकिन वही धारावाहिक देखे जाते
जो हमारे घर में
उनकी खिड़कियों के फ्रेम पर फुदकने वाली चिड़िया
हमारी खिड़कियों के फ्रेम पर भी फुदकती

कभी-कभी पतंग कटकर
उनकी छत पर गिरते-गिरते
हमारी छत पर गिर जाती

एक ही भूरा बिल्ला
दोनों के पतीले से दूध चट कर भाग जाता

हम दोनों के बच्चे एक साथ
सड़क पर खेलते
एक ही जैसे खेल

वे अभी बच्चे हैं
वे साथ-साथ खेलते हैं
उछलते-कूदते हैं

जब वे बड़े हो जाएँगे
तो एक उनका भी घर होगा
और ऐसा ही उनका भी एक पड़ोस
बसंत त्रिपाठी
About the poet

बसंत त्रिपाठी

View profile & all 56 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like