घर और पड़ोस

बसंत त्रिपाठीबसंत त्रिपाठी25 Sept 1972

1 min read · 12.4K reads

एक मेरा घर है

जहाँ मैं रहता हूँ

एक मेरा पड़ोस है

जहाँ पड़ोसी रहते हैं

पड़ोसी कभी देखते हैं

तो दूर से मुस्कुरा देते हैं

बदले में मैं भी मुस्कुराता हूँ

यदि नज़र पहले मेरी पड़ी तो

यह क्रम उलट जाता है

न वे मेरे घर आते

न मैं उनके घर जाता

हममें लड़ाई या कहा-सुनी की गुंजाइश बिल्कुल नहीं है

गो कि वक़्त ही कहाँ है हमारे पास इतना

उनके घर में लेकिन वही धारावाहिक देखे जाते

जो हमारे घर में

उनकी खिड़कियों के फ्रेम पर फुदकने वाली चिड़िया

हमारी खिड़कियों के फ्रेम पर भी फुदकती

कभी-कभी पतंग कट कर

उनकी छत पर गिरते-गिरते

हमारी छत पर गिर जाती

एक ही भूरा बिल्ला

दोनों के पतीले से दूध चट कर भाग जाता

हम दोनों के बच्चे एक साथ

सड़क पर खेलते

एक ही जैसे खेल

वे अभी बच्चे हैं

वे साथ-साथ खेलते हैं

उछलते-कूदते हैं

जब वे बड़े हो जाएँगे

तो एक उनका भी घर होगा

और ऐसा ही उनका भी एक पड़ोस।

बसंत त्रिपाठी
About the poet

बसंत त्रिपाठी

View profile & all 56 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like