सूरज डूबा हुआ अंधेरा
चिड़ियाँ लेने लगीं बसेरा
दिन का ग़ाएब हुआ उजाला
तारीकी ने पर्दा डाला
जलने लगे दिए घर घर में
गिरजा मस्जिद और मंदर में
पूजा में है ध्यान में कोई
खाने के सामान में कोई
चर्ख़-ए-बरीं पर चमके तारे
बे-रोग़न हैं रौशन सारे
हल्का हल्का नूर है इन का
बस्ती से घर दूर है इन का
बच्चे नींद में ग़ाफ़िल हो गए
लोरी सुनते सुनते सो गए
जंगल से घर ग्वाले आए
रेवड़ अपना सँभाले आए
जा पहुँचे मज़दूर घरों में
ख़ुश ख़ुश हैं बीवी बच्चों में
दिन भर कब आराम लिया है
ख़ून पसीना एक किया है
शाम ने दी है काम से फ़ुर्सत
दम लेने की मिली है मोहलत
अब सोएँगे लम्बी ताने
मेहनत लगेगी ख़ूब ठिकाने
मंज़िल पर रहरव जा पहुँचे
हारे थके नींद के माते
किश्त-ओ-चमन सुनसान पड़े हैं
ख़ाली अब मैदान पड़े हैं
पहला सा ग़ुल शोर कहाँ है
दौड़ धूप का ज़ोर कहाँ है
माइल-ए-राहत हुआ ज़माना
ख़त्म हुआ दिन का अफ़्साना
चहल-पहल दो-चार घड़ी है
सब के सिरहाने नींद खड़ी है








