मेरे भाग्य पटल पर अंकित - बलबीर सिंह रंग

बलबीर सिंह रंगबलबीर सिंह रंग14 Sept 1919 – 8 Sept 1984

4 min read · 12.4K reads

मेरे भाग्य पटल पर अंकित
अब किसने संताप और हैं?

वृद्धा हुई कल्पना सुख की
रक्त बना आंखांे कापानी,
मुझ पर यह आरोप कि
मैंने संघर्षों से हार न मानी,

क्योंकि अभी मेरी वीणा में
जीवित स्वर आलाप और हैं।
मेरे भाग्य पटल पर...

मैंने सोचा था जीवन में
सुख का नव-संसार बसाना,
पर दूभर हो रहा आज तो
सुख से दुख के दिवस बिताना,

मेरी करुणा के करने को
कितने पश्चाताप और हैं?
मेरे भाग्य पटल पर...

अपने लिए कभी मेरा कवि
कर न सका गुणगान किसी का,
यह मेरा दुर्भाग्य कि अब तक
ले न सका वरदान किसी का,

जो मुझ को वरदान बन गये
वे पुनीत अभिशाप और हैं।
मेरे भाग्य पटल पर...
बलबीर सिंह रंग
About the poet

बलबीर सिंह रंग

View profile & all 147 Poems / Stories