कॉलसेंटर यानी माफ़ीनामे का ख़त

अविनाशअविनाश

1 min read · 12.4K reads

यथार्थ की तलहटी पर जमी है काई

कल्पना का बुना हुआ विश्व फिसल जाता है

आँख पर ज़रूरतों के परदे

कानों पर रेंगता हुआ सोशल-स्टेटस

हृदय में पश्चाताप का भय

किसी लंबे माफ़ीनामे के ख़त की तरह

यह नौकरी

देखे गए ख़्वाब, लगाई गई आस, कुढ़न की साँस

यह नौकरी

यह नौकरी

जिसमें क़ैद ज़िंदगियों को

ज़िंदगी भर का समय नहीं

भीतर की आत्मा के सुलगते स्वर पर

नहाई हुई भाषा का भाप

कॉलसेंटर पर बजते टेलीफ़ोन

जज़्ब होती समस्याएँ,

काटी जातीं समाधान धमनियाँ

इन सबके बीच

कूदती-फाँदती

रियलिटी चेक

सपनों की ड्राइंग में!

अविनाश
About the poet

अविनाश

View profile & all 34 Poems / Stories