औरत की आंच - आत्मा रंजन

Atama Ranjanआत्मा रंजन18 Mar 1971

9 min read · 12.4K reads

भुलेखे में हैं पुरुष
नंगे जिस्मों में कहीं ढूँढ़ रहे जो
औरत की आंच
भुलेखे में वे भी
बरबाद कर रहे जो इसे
ठंडे मौसम में सड़कों पर
भेजकर उसे फटेहाल
जबकि भव्य भवनों
आलीशान कॉलोनियों तक में
पसरी हुई है चारों तरफ
इंसान को निचोड़ती-गलाती ठंड

आपने छूकर देखा है कभी
शाम को उतार कर अलगनी पर रखी
उसकी शॉल को
दुनिया का एक श्रेष्ठ और कोमल कवच
होने का गौरव लिए
सहेजे रहती है जो औरत की आंच
छूकर देखा है कभी
उसके पर्स में रखा शीशा, रूमाल या बिंदिया
संजोए हुए हैं जो उसके पोरों की नाज़ुक छुअन
छूकर देखा है
सड़क के किनारे लेटाए
उसके बच्चे के गाल को
पसीना पोंछती बार-बार पुचकारती
खुलकर सौंपती है जिसे
होंठों का स्पर्श

आंच का व्यापार भी है
हर तरफ़ ज़ोरों पर
सतरंगे तिलिस्मी प्रकाश की चकाचौंध में
उधर टीवी पर भी रचा जा रहा
आंच का प्रपंच

ज़रूरी है आग
और उससे भी ज़रूरी है आंच
नासमझ हैं
समझ नहीं रहे वे
आग और आंच का फर्क
आग और आंच का उपयोग
पूजने से जड़ हो जाएगी
कैद होने पर तोड़ देगी दम
मनोरंजन मात्र नहीं हो सकती
आग या आंच
खतरनाक है उनकी नासमझी

राखी बंधवाते महसूस कर सकते हो
इस आंच को
वही आंच जिसे महसूस कर रहा
ठंडे पानी से नहाता वह फूल
जिसे सींच रही एक बच्ची
हाथ-बुने स्वेटर के
रेशे-रेशे में विन्यस्त है
तमाम बुरे दिनों
और ठंडे मौसमों के खिलाफ
गुनगुने स्पर्श से संजोई आंच
औरत की आंच
पत्थर, मिट्टी, सीमेंट को सेंकती है
बनाती है उन्हें एक घर
उसकी आंच से प्रेरित होकर ही
चल रहा है यह अनात्म संसार

एक अंडा है यह पृथ्वी
मां मुर्गी की तरह से रही जिसे
औरत की आंच
एक बर्फ का गोला है जमा हुआ
जिसकी जड़ता और कठोरता को
निरंतर पिघला रही वह
जीवित और जीवनदायी
जल में बदलती हुई।
Atama Ranjan
About the poet

Atama Ranjan आत्मा रंजन

युवा कवि आत्मा रंजन का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। काव्य-रूप में ढालने के लिए विषयों के चुनाव से ले कर कविता की भाषा और शिल्प तक में आत्मारंजन और कवियों से बिल्कुल अलग खड़े नजर आते हैं। बिना किसी बडबोलेपन के सीधे-सीधे अपनी बात कहने के पक्षधर आत्मा रंजन स…

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like