सारांश

आशुतोष दुबेआशुतोष दुबे

1 min read · 12.4K reads

बिस्तर में वे नहीं हैं

उनका सारांश है

पृष्ठों से पैराग्राफ्स में होते हुए

अब उनके खाँसते वाक्यों का सारांश

मुश्किल से निकलते कुछ शब्दों में है

दीवार पर एक ग्रुपफ़ोटो टँगा है

जो उनकी जवानी का सारांश है

किसी काग़ज़ पर कुछ पंक्तियों में

उनके किए-धरे का सारांश है

और उसके बाद काफ़ी जगह छूटी हुई है

छूटी हुई ख़ाली जगह में

उनके अनकिए का सारांश है

ख़ाली जगह को पढ़ते हुए

ख़ाली जगह में फँसती है उनकी साँस

उखड़ती हुई साँस के धक्के से

एक दिन उखड़ जाएँगे उनके क़दम

उड़ जाएँगे वे हवा में

ख़ाली पन्ने की तरह

कि वह लिखे हुए पन्ने से

हल्का और तेज़ उड़ता है

तब एक छोटे से बर्तन में

आ जाएगा उनका सारांश

नदी की लहरों पर फैल जाएगा

किसी व्याख्या की तरह

मुमकिन है, तब पता चले

वे एक महाकाव्य के सारांश थे

या क्या पता,

किसी छोटी, नुकीली-सी कविता के

असंभव सारांश हों

आशुतोष दुबे
About the poet

आशुतोष दुबे

View profile & all 65 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like