अपनी मृत्यु से बचते हुए आत्मकथा लिखने वाले बहुत
सँभल-सँभलकर उस तरफ़ जाना चाहते हैं जहाँ से वह
समय लौटेगा जिसमें वे मर चुके हैं।
लौटते हुए समय की उँगली थामकर वे दुनिया में आने
से पहले के समय में चले जाना चाहते हैं जहाँ एक
कुनकुन अँधेरे में वे भ्रूण की तरह तैर रहे थे, और चमक
रही थीं उनके आस-पास अदेखी दुनिया की आवाज़ें।
बीच के रास्ते में वे कुछ दुर्घटनाओं की गठानें खोलना
चाहते हैं जिनसे टकराकर वे लड़खड़ाते और गिरते रहे
थे, लेकिन मन पर अपनी ख़राश छोड़कर वे बिला चुकी
हैं इसी समय में। और ठीक इसी समय खनक रही हैं
उनकी जेब में भविष्य में घटने वाली कुछ और दुर्घटनाएँ,
विस्मृत सिक्कों की तरह, उनके सुनने से बाहर।
वहीं कहीं मृत्यु है, प्रतीक्षा करती हुई और आत्मकथा के
अंत में लगाए गए पूर्णविराम को अपने पंजों में
दबोचकर उड़ जाने के लिए सन्नद्ध।








