मुहाने पर नदी और समुद्र-8 - अष्‍टभुजा शुक्‍ल

Ashtbhuja Shuklaअष्टभुजा शुक्ल10 Sept 1954

3 min read · 12.4K reads

नदी के
किनारे-किनारे
बहुत से आश्रम थे
बगुला-भगतों के

करार तोड़कर
कभी-कभी स्वयं घुस जाती थी नदी
पर्ण-कुटियों में
तथाकथित मुनियों के
चरण-परस को अधीर
बहुत से तपलीन ऋषि
डूब गए सदेह
नदी के उफान में
जिनके नाम से
नहीं चल सका कोई गोत्र

मृगाक्षी नदी
दृष्टि डालती हुई चलती थी
दृश्यों पर
जबकि प्रतीक्षारत समुद्र
एकटक निहारता रहता था
नदी का रास्ता

समुद्र के
तन में
मन में
बसी थी नदी

नदी के
तन में
मन में
कहीं नहीं था समुद्र
मुहाने के अलावा
Ashtbhuja Shukla
About the poet

Ashtbhuja Shukla अष्टभुजा शुक्ल

अष्टभुजा शुक्ल (जन्म 1954, दीक्षापार गाँव, उत्तर प्रदेश[1]) हिंदी के कवि हैं। उन्हें हिंदी कविता में अपने विशिष्ट योगदान के कारण केदार सम्मान से सम्मानित किया गया है। कृतियाँ[संपादित करें] इनकी प्रमुख कृतियाँ निम्नवत हैं[1]: पद-कुपद, चैत के बादल, दुःस्वप्न भी…

View profile & all 39 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like