इस कँपकँपाने वाली ठण्डी में - अष्‍टभुजा शुक्‍ल

Ashtbhuja Shuklaअष्टभुजा शुक्ल10 Sept 1954

4 min read · 12.4K reads

बर्रै या बिच्छू
सब नदारद हैं
लेकिन झनझना रही हैं अँगुलियाँ
पानी में हाथ डालने का मन नहीं करता
मन करता है कि आग में खड़ा हो जाऊँ
इस कँपकँपी ठण्डी में

मुँह से
शब्दों की जगह
सिर्फ़ भाप निकल रही है
मुट्ठियाँ बँधी हैं
किसी पर छोड़ दूँ इन्हें
तो वह भी
न हिलेगा न डुलेगा
ऐसी सुन्न कर देने वाली ठण्डी है

कुहरा है ऐसा
कि सफ़ेद अन्धेरा है
जिसमें सब कुछ गायब है
अपना ही बायाँ हाथ
दाहिने को नहीं पहिचान पाता

पुराना अस्थमा उभर आया है—
जानलेवा !
खँखार रहा हूँ
और थूक रहा हूँ
यह सूखी खाँसी नहीं है
खूब बलगम भरा है भीतर
एक बूढ़े देश का
चाहता हूँ
कि जिस पर थूकूँ
ठीक उसी पर पड़े बलगम
कमज़ोर आँखों से
ज़ोर लगाकर देखता हूँ
इस कँपकँपाने वाली ठण्डी
और सब कुछ
सफ़ेद कर देने वाले
कुहरे में
Ashtbhuja Shukla
About the poet

Ashtbhuja Shukla अष्टभुजा शुक्ल

अष्टभुजा शुक्ल (जन्म 1954, दीक्षापार गाँव, उत्तर प्रदेश[1]) हिंदी के कवि हैं। उन्हें हिंदी कविता में अपने विशिष्ट योगदान के कारण केदार सम्मान से सम्मानित किया गया है। कृतियाँ[संपादित करें] इनकी प्रमुख कृतियाँ निम्नवत हैं[1]: पद-कुपद, चैत के बादल, दुःस्वप्न भी…

View profile & all 39 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like