चार साल का नाती - अष्‍टभुजा शुक्‍ल

Ashtbhuja Shuklaअष्टभुजा शुक्ल10 Sept 1954

9 min read · 12.4K reads

अच्छा खासा उत्पाती है
यह जो अपना
चार साल का नाती है
बेटी का बेटा —
पूरा प्रश्नोपनिषद् !

तोंद पर चढ़ जाता है
चढ़कर ताक धिनाधिन ताक धिनाधिन
तबला बजाता है
और पुरखों की तरह
छाँटता है कबोधन —

‘अच्छा नाना, अच्छे नाना, इधर करो मुँह, सुनो ज़रा
मम्मा कहती है —
तुम मेरे बेटे हो
और मेरे पेट से पैदा हुए हो
तो मम्मी आपकी बेटी है
क्या वो भी आपके पेट से पैदा हुई है ?
’
मैं कहता हूँ —
मेरा पेट कुछ पैदा नहीं कर सकता
केवल खाता है
फिर वह छौना खूब खिलखिलाता है
और उसी रौ में
फिर थाप लगाता है

कहता हूँ मैं —
तुम्हें पीट दूँगा अब
डूब रहा दिन
भागो तुरत मच्छरदानी में
बच्चामार मच्छरों की अब है भरमार
तीस साल से धरे हाथ पर हाथ
बैठी है सरकार वाग्मी
और मन्त्रिपरिषद् वाचाल
हेहर टुच्चे साहब सूबा ठगवा बिगवा
कई-कई तो यह भी कहते हैं नालायक
अक्सर अगस्त में बच्चे मरते हैं
मुँह में उनके पड़ें घिनौने कीड़े
और जीभ गलकर गिर जाय
शेम-शेम हाय हाय !!

कहता है वह —
नाना एक बात कहकर
फिर आप बड़बड़ाते हैं बहुत देर तक
इससे क्या पाते हैं ?

कहता हूँ मैं —
तुम्हें पीट दूँगा अब निश्चित
भगो तुरत मच्छरदानी में
नानी भी अब नहीं तुम्हारी बचा पाएँगी तुम्हें
चलो उतरो छाती से मेरे
नहीं तो चटकना खाओगे

फिर कहता वह —
नानी तो कहती हैं
यदि आप हमें मारोगे
तो काँपेंगे हाथ आपके ऐसे ऐसे
चमकाता है
नहीं रोक पाता मैं अपनी हँसी
और हँसता जाता हूँ

भगो तुरत मच्छरदानी में
फिकिर नहीं अब
जीत चुके हो कई अगस्त
और जियो तुम लाख बरीस
लेकर मेरी उमर जिओ
हँसते और खेलते जीओ

पढ़ते, लिखते और समझते
सावधान रहना परिसर से
और कमीने लोगों से
कौए के बच्चों जितना चतुर बनो
समय बहुत आतातायी है
भगो तुरत मच्छरदानी में
चलो उतरो छाती से मेरे ।
Ashtbhuja Shukla
About the poet

Ashtbhuja Shukla अष्टभुजा शुक्ल

अष्टभुजा शुक्ल (जन्म 1954, दीक्षापार गाँव, उत्तर प्रदेश[1]) हिंदी के कवि हैं। उन्हें हिंदी कविता में अपने विशिष्ट योगदान के कारण केदार सम्मान से सम्मानित किया गया है। कृतियाँ[संपादित करें] इनकी प्रमुख कृतियाँ निम्नवत हैं[1]: पद-कुपद, चैत के बादल, दुःस्वप्न भी…

View profile & all 39 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like