जबर जोत - अशोक वाजपेयी

Ashok Vajpayeeअशोक वाजपेयी16 Jan 1941

6 min read · 12.4K reads

उसने एक पेड़ काट कर फेंक दिया
कानून की उस निष्क्रिय उपधारा की तरह
जो उस जैसों के हित के लिए बनाई गई थी।
निर्धारित पद्धति से अलग
और गिरफ़्तारी का इंतज़ार करते हुए
उसने अपने नए साहस के सरल गणित को
पहली बार पहचाना।

मुंशी और हवलदार वहीं पास थे
रौब के संवैधानिक व्याकरण से बंधे हुए
और ज़िंदगी में
बहुत बार चुप रहने के बाद अब
वह बेपरवाह एक नया शब्द बोल रहा था –
ज़ाप्ता फ़ौजदारी और राजस्व संहिता में
जिसके लिए प्रावधान न था।

ज़मीन के ज़रा-से टुकड़े को अपना मानकर
उसने नाधा हल
और पहली बार
अपने को बैलों से अलग कर लिया।

एक कील सी गढ़ती चली गई
समृद्घ पातालिक शांति में
और बड़ी बी अट्टे पर से चीख़ीं
चीख उनकी आई नीचे तक बरकरार
कानून तोड़नेवालों को पूरी मुस्तैदी से
हमने किया गिरफ़्तार।
सज़ा दी अदालत ने योग्य
आंकड़े सभी के रोज़-रोज़।
लौट गए सभी निश्चिंत
अपनी रौब-दाब की कानूनसम्मत भाषा में
जुती-अधजुती परती पर
कुछ फूट ही आया
भादों के बादलहीन आसमान के नीचे
सूखते सुनसान में
कुछ हरे शब्द मुंतज़िर पड़े रह गए
पत्थर होने को।

(1970)
Ashok Vajpayee
About the poet

Ashok Vajpayee अशोक वाजपेयी

Ashok Vajpayee

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like