पेड़-1 - अशोक सिंह

Ashok Singhअशोक सिंह8 Sept 1971

3 min read · 12.4K reads

पेड़ के बारे में कुछ जानना हो तो पेड़ से नहीं
उस पर घोंसला लगाए बैठे पक्षियों से पूछो
पूछो उस थके-हारे मुसाफ़िर से
जो उसकी छाया में बैठा सुस्ता रहा है

उसकी शाखाओं से झूला बाँध झूलती
लड़कियों से पूछो
उन लड़को से भी जो उसकी फुनगी पर बैठ
चाभ रहे हैं फल
लकड़ी बिनती लकड़हारन से भी पूछो
पहाड़ तोड़ती पहाड़न से पूछो
यहाँ बैठ पगुराती गाय-बकड़ियों से पूछो

और पूछना हो तो
अभी-अभी चालीस कोस पालकी ढोकर ला रहे
चारो कहारों से पूछो
सबसे पूछो मगर
पेड़ के बारे में पेड़ से मत पूछो

याद रखो, पेड़
आदमी की तरह ख़ुद कभी
अपना बखान नहीं करते ।
Ashok Singh
About the poet

Ashok Singh अशोक सिंह

Ashok Singh

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like