बेटियाँ - अशोक सिंह

Ashok Singhअशोक सिंह8 Sept 1971

5 min read · 12.4K reads

घर की बोझ नहीं होती हैं बेटियाँ
बल्कि ढोती हैं घर का सारा बोझ

वे हैं
तो सलामत हैं
आपके कुर्ते के सारे बटन
बची है उसकी धवलता

उनके होने से ही
चलते हैं आपके हाथ
और आपकी आँखें ढूँढ लेती हैं
अपनी गुम हो गयी कलम

घड़ी हो या छड़ी
चश्मा हो या कि अखबार
या कि किताबें कोट और जूते
सब कुछ होता है यथावत
बेतरतीव बिखरी नहीं होती है चीज़ें
ख़ाली नहीं रहता कभी
सिरहाने तिपाई पर रखा गिलास

वे होती हैं तो
फैला नहीं पाती हैं मकड़ियाँ जालें
तस्वीरों पर जम नहीं पाती धूल
कभी मुरझाते नहीं गमले के फूल

उनके होने पर
समय से पहले ही आने लगती है
त्योहारों के आने की आहट

वे हैं तो समय पर मिल जाती है चाय
समय से दवाईयाँ
और समय पर पहुँच जाते हैं आप दफ़्तर

उनके होने से ही
ताज़ा बनी रहती है घर की हवा
बचा रहता है मन का हरापन
Ashok Singh
About the poet

Ashok Singh अशोक सिंह

Ashok Singh

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like