सब वैसा ही कैसे होगा?

अशोक कुमार पांडेयअशोक कुमार पांडेय1 Jan 1975

1 min read · 12.3K reads

तुम कहाँ होगी इस वक़्त?

क्षितिज के उस ओर अपूर्ण स्वप्नों की एक बस्ती है

जहाँ तारें झिलमिलाते रहते हैं आठों पहर

और चंद्रमा अपनी घायल देह लिए भटकता रहता है

तुम्हारी तलाश में हज़ार बरस भटका हूँ वहाँ

नक्षत्रों के पाँवों से चलता हुआ अनवरत

इतने बरस हो गए चेहरा बदल गया होगा तुम्हारा

उम्र के ही नहीं सफ़र के भी कितने निशाँ मेरे धब्बेदार चेहरे में भी

मैं तुम्हारे आँसुओं का स्वाद जानता हूँ और पसीने की गंध

तुम्हें याद है अपने चुंबनों की ख़ुशबू?

एक टूटा हुआ बाल ठहरा हुआ है मेरे कंधों पर

अब भी उतना ही गहरा, उतना ही चमकदार

टूटी हुई चीज़ों के रंग ठहर जाते हैं अक्सर...

तुमने विश्वास किया मेरी वाचालता पर

और मैं तुम्हारे मौन की बाँह थामे चलता रहा

भटकना नियति थी हमारी और चयन भी

जिन्हें जीवन की राहें पता हों ठीक-ठीक

उन्हें प्रेम की कोई राह पता नहीं होती

तुम्हें याद है वह शाल वृक्ष

उखड़ती साँसें सँभाले अषाढ़ की एक शाम रुके थे हम जहाँ

मैंने उसकी खाल पर पढ़ा है तुम्हारा नाम

अंतराल का सारा विष सोख लिया है उसने

और वह अब तक हरा है

स्मृति एक पुल है हमारे बीच

हमारे क़दमों की आवृति के ठीक बराबर थी जिसकी आवृत्ति

मैं यहीं बैठ गया हूँ थक कर तुम चल सको तो आओ चल के इस पार

क्या अब भी उतनी ही है तुम्हारे पैरों की आवृत्ति?

अशोक कुमार पांडेय
About the poet

अशोक कुमार पांडेय

हिंदी कवि-कथाकार और अनुवादक। ‘कश्मीरनामा’ शीर्षक पुस्तक के लिए चर्चित। मूल नाम : अशोक कुमार पांडेय जन्म : 01/01/1975 | मऊ, उत्तर प्रदेश

View profile & all 25 Poems / Stories