पुरातत्त्व - असद ज़ैदी

Asad Jadiअसद ज़ैदी31 Aug 1954

6 min read · 12.4K reads

मुझे अक्सर तलब होती है
ग्वार की फली सेम की फली
अरवी के पत्ते देसी टिमाटर की
तरसता हूँ हर मौसम
जामुन सीताफल झड़बेरी को
अरे, उस खिरनी को जिसे अब
पहली नज़र में शायद न पहचानूँ
पर जो खारी बावली के फुटपाथ पर
मुझे पहचान ले और सोचे यह उजबक
कहाँ चला जाता है अजनबी बना
जो मेरे लिए बेमौसम तरसा करता था

ईसा की इक्कीसवीं सदी के दो दशक
पूरे हो रहे हैं दो बदमाश मुल्क की जान पे हैं
इनके पीछे कई करोड़ और भी हैं
उनकी मदद के लिए आ गई है महामारी
आदमख़ोर मनमोहिनी प्यारी राजदुलारी
करने शहरों बस्तियों को समतल और नाबाद
यह दौर अभी लम्बा चलेगा ख़ुशी से
सर्वसम्मति से कहते हैं टी० वी० चैनल पर
ग्यारह के ग्यारह नजूमी बिरहमन

दिल्ली में पहली बार कुछ नहीं होता
देस ही ऐसा है — नया भी पहले हुआ लगता है
क़त्ले आम हो कि महामारी कि भुखमरी,
कि शहर का सौन्दर्यीकरण, कि परिवार नियोजन
कोरोनावायरस पहले सेमिनार को रद्द करवाता है,
फिर उसे वेबिनार में बदल देता है
लाइव वर्कशॉप के इस निमंत्रण का मैं क्या करूँ
शहर की धरोहर पर ज़ूम के मंच से क्या बोलूँ

जिन्होंने देखी है, 1947-48 की दिल्ली
उनके सीनों में दफ़्न है एक और ही इतिहास
कैसे कहूँ यह बात
पुरातत्त्व और पर्यटन की इस कार्यशाला में
Asad Jadi
About the poet

Asad Jadi असद ज़ैदी

असद ज़ैदी कुछ प्रमुख कृतियाँ बहनें और अन्य कविताएँ, कविता का जीवन, सामान की तलाश

View profile & all 47 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like