बेहोशी के पहले की
धुँधली स्मृतियों से
बेहोशी टूट जाती है
निहारता हूँ निश्चल आकाश
कि उसके नीलेपन को क़ैद कर लिया है
बाज़ार ने
कडकड़ाता दर्द उभरता है
पैरों की एड़ियों से शुरू होकर
पूरी देह मे—
अगिनबान-सा
आँखों के सामने
नर्तन करते—
तमाम टोने-टोटके संग—
—यमराज प्रतिक्षण प्रतिफल
मर्त्यलोक के सबसे बड़े श्मशान में
कुबेर का कुरूप शिष्य
सौंदर्य का घोषित साधक बन
कुबेर के साथ नर्तन करते हैं...
हम सबको यमराज लाठी भाँजकर
लहूलुहान कर देते हैं
कुबेर जेब का धन चूसकर
खोखला करते हैं
झूठ-मूठ सार्वजनिक इश्तिहार है—
जेबकतरों से सावधान
और ‘हम’—उपभोक्ता
लुट-पिटकर घर वापस आकर यम-कुबेर के मायाजाल में
फँसते चले जाते हैं
विराट इंद्रजाल मे
बेहोशी में रोज़ाना खोजता हूँ कुछ और
पर दिखता है अँधेर नगरी
चौपट राजा भी
पर भूल से भी मिलता नहीं
टके सेर भाजी, टके सेर खाजा...








