वापस

अरुण कमलअरुण कमल15 Sept 1954

1 min read · 12.4K reads

मैं वहाँ भी गया जहाँ नदी सागर से मिलती थी

वहाँ भी जहाँ मैदान पहाड़ों में ढलते थे

वहाँ भी गया जहाँ झीलों का जल मीठा था

और वहाँ भी जहाँ पहाड़ थे नमक के

मैं इस तरह घूमता रहा जैसे मेरा कुछ खो गया हो

जैसे मेरी एक चप्पल या आधी देह मैंने सब कुछ

उलट के देखा

वह स्त्री जो काली मिट्टी से बनी थी

वो स्त्री जो धान की बाली थी

वह स्त्री जो पीतल की बनी थी

जो जवाकुसुम का कत्थई अँधेरा थी

हर बार लगा जैसे मेरी साँस पूरी नहीं हो रही

लगा जैसे मैं रास्ता भूल गया

और घूमते-घूमते एक बार फिर वहीं आ गया जहाँ से चला था

दरवाज़े का एक पल्ला खुला था

और आँगन में एक पौधा सूखते-सूखते हरा था

एक बेल पक-पक कर कच्चा होता बार-बार।

अरुण कमल
About the poet

अरुण कमल

View profile & all 83 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like