उधर के चोर भी अजीब हैं
लूट और डकैती के अजीब-ओ-ग़रीब क़िस्से—
कहते हैं ट्रेन डकैती सात बजते-बजते संपन्न हो जाती है
क्योंकि डकैतों को जल्दी सोने की आदत है
और चूँकि सारे मुसाफ़िर बिना टिकट
ग़रीब-ग़ुरबा मज़दूर जैसे लोग ही होते हैं
इसलिए डकैत किसी से झोला किसी से अँगोछा चुनौटी
खैनी की डिबिया छीनते-झपटते
चलती गाड़ी से कूद रहड़ के खेत में गुम हो जाते हैं;
और लूट की जो घटना अभी-अभी प्रकाश में आई है
उसमें बलधामी लुटेरों के एक दल ने दिन-दहाड़े
एक कट्ठे खेत में लगा चने का साग खोंट डाला
और लौटती में चूड़ीहार की चूड़ियाँ लूट लीं;
लेकिन इससे भी हैरतअंगेज़ है चोरी की एक घटना
जो संपूर्ण क्षेत्र में आज भी चर्चा का विषय है—
कहते हैं एक चोर सेंध मार घर में घुसा
इधर-उधर टो-टा किया और जू कुछ न मिला
तब चुहानी में रक्खा बासी भात और साग खा
थाल वहीं छोड़ भाग गया—
वो तो पकड़ा ही जाता यदि दबा न ली होती डकार।








