ख़ूब साफ़ चमकती रोशनी से गूँजती तस्वीरों से ज्य़ादा अच्छी
लगती हैं पुरानी कौड़ियों के रंग की तस्वीरें जहाँ रोशनी बस इतनी
कि अंधकार में आकर उठ सकें। लेकिन उनसे भी ज़्यादा
गर्भवती हैं वे निगेटिव तस्वीरें जहाँ सब कुछ रहस्य है। जहाँ सब
कुछ हो चुका है। फिर भी जहाँ सब कुछ नहीं हुआ। जो अभी भी
आरंभ है। जहाँ हर चेहरा किसी और का चेहरा हो सकता है।
जो भ्रूण है जीवन का गिट्ठा और जो वयस्क है प्रस्फुटित। जो रंग
भी है और स्याह भी। जो दोनों तरफ़ है पार-पार। जहाँ अंधकार
और प्रकाश अपनी लड़ाई अभी भी लड़ रहे हैं। जो है। जो नहीं
है। मेरी स्मृति ख़ुद एक निगेटिव फ़ोटो में बदलती जा रही है। मुझे
यह संसार एक निगेटिव फ़ोटो-सा क्यों दिख रहा है।








