मोसम्बी का रस - अरुण कमल

अरुण कमलअरुण कमल15 Sept 1954

5 min read · 12.4K reads

और मुझे ही तुड़ाना है आमरण अनशन

आज चौदहवाँ दिन है और आज ही चार बजे शाम
वहीं अस्पताल में
मुझे देना है हाथ में मोसम्बी का रस
जो एक पाँव रख चुका चौखट के पार
उस डूबते डोल को सारे वृक्षों के बल से खींचना है
ऊपर

’मांग तो मानी न गई
नरसंहार के विरोध में बैठे थे पर
सरकार इतनी ढीठ है इतनी संवेदनहीन’--
कहा एक ने--’बेकार प्राण गँवाने से क्या लाभ?’
’लेकिन यह तो पहले सोचना था; कहा मैंने

’हाँ, लेकिन वे बैठ गए थे तब तक आवेश में
अब सबकी अपील पर तोड़ेंगे’

(सच या झूठ बताते हैं गांधी जी एक बार
जब आमरण अनशन पर गए तो बैठने के पहले
दाँतों के सेट का नाप दिया)

’तो आपको मिला क्या
जान देना तो बहुत आसान है जैसे जान लेना
और जो ऎसे ही जान ले रहा हो उसे जान देने की धमकी
नरसंहार के विरुद्ध निजसंहार की धमकी?’

एक प्याला मोसम्बी का रस यह जीवन
इतना दुर्लभ इतना कठिन पर कच्चा सीवन।
अरुण कमल
About the poet

अरुण कमल

View profile & all 83 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like