देह-गाथा

अरुण कमलअरुण कमल15 Sept 1954

1 min read · 12.4K reads

कभी

कभी अकेले बिल्कुल अनजान शहर में

रात में बल्ब की पीली रोशनी में अचानक

छूते हुए डरता हूँ यह देह स्तब्ध

बहुत दिनों से कहीं कोई तृण कोई मंज़र नहीं

जबकि पहले किसी पाँव की आहट भर से

पुल की तरह हिलने लगता था

अब बादलों के बीच भी सूखा

कोई चीज़ थी जो पहले

जैसे रोंओं से झरती थी

जैसे भुट्टे की तरह गसी रहती थी

जैसे तारों की तरह थाल भर में भरी रहती थी

जैसे मछलियों की तरह खलबल करती थी

और बिना हवा के नदी को फोड़ती रहती थी

अब इतना कम कि बहुत फूँकने से गुब्बारा ज़रा-सा फूल

फिर बैठ जाए

एक बीघा खेत में सेर भर धान

तो क्या मैं बूढ़ा हो रहा हूँ

क्या सचमुच ढीली हो चली हैं पंखुड़ियाँ

तो क्या अब मेरा काम सुबह-शाम माथा थाम

देर तक बैठना भर होगा

मिट्टी में मिलना ठोप-ठोप

और यह देह विवाह के वस्त्र-सी

संचित रहेगी जर्जर संदूक़ में

जिसे कभी खोल देखूँगा और फिर तह लगा

वापिस रख दूँगा

जिसके दले फेरीवाले से अलमुनियम गिलास भी

कभी ले नहीं पाऊँगा

और किमख़ाब से उड़ जाएगी पुराने इत्र की ख़ुशबू।

अरुण कमल
About the poet

अरुण कमल

View profile & all 83 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like