मेरे दिल में इतनी मेखें हैं
कि तन सकते हैं प्यार के हज़ार शामियाने
पर हाय जिस किसी काग को बनाया क़ासिद
वही कंकाल पर ठहर गया
पूर्णिमा का चाँद यह
घुमाता है मुझको चाक पर अपने
घुमाते-घुमाते एकदम छोड़ता हाथ
मैं गिरता हवाओं पर उघरता खुलता
मैं तुम्हें सोचता हूँ बहुत
जल रही लालटेन सूखी लिपी भूमि पर
और तुम देख रहीं घूर की परछाईं
और तुम देख चमक रहीं शीशे-सी
यहाँ तो बादर हैं चारों तरफ़
भीतर धुँध सालों से ठहरी
रात भर बैठ चली गई भेंड़ें
ख़ाली खेत फिर वही शीत
सबसे छुपा बाँधता हूँ रोज़ पट्टियाँ चुपचाप
देखता हूँ घाव अपने खोलकर हर रात
(शाह लतीफ़ को पढ़कर)








