हत्यारा

अरुण कमलअरुण कमल15 Sept 1954

1 min read · 12.4K reads

एक ख़ून किया और ज़िंदगी का सबसे क़ीमती वक़्त

बारह साल जेल में गुज़ारे

गालियाँ सुनीं

हेड़ी-बेड़ी खाई

खंभे से बँधकर धूप में घंटों चमड़ी सुखाई

जिसे बाप ने छोड़ा, बीवी ने दूसरी शादी की

और कभी कोई हाल भी पूछने न आया—

वह आज क्यों बेचैन है बाहर जाने के लिए,

ज़िंदगी में आख़िर अब बाक़ी क्या है?

क्यों आज वह वोल्टमीटर के नीड्ल की तरह

धारा के छूने भर से डोल जाता है यहाँ से वहाँ

पूरे पैमाने पर उद्विग्न

कहीं भी स्थिर न होता

कहीं भी स्थिर न होता

वापस लौटता वहीं

पुन: उसी शून्य पर

धारा के अगले चाप के इंतज़ार में नीड्ल की तरह

आख़िर बाक़ी ही क्या है जीवन में

जानते हुए भी कि वहाँ डुबाऊ पानी है

पाँव बढ़ रहे हैं

अरुण कमल
About the poet

अरुण कमल

View profile & all 83 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like