मैं बीमार हूँ - अरुण देव

अरुण देवअरुण देव16 Sept 1972

10 min read · 12.4K reads

रस्ते में एक मासूम से लड़के को कुछ लोग
रस्सियों से बाँध मारे जा रहे थे
वह बार-बार कह रहा था मेरा कसूर तो बताया जाए

मैंने सुबह ही बी०पी० चेक किया था नार्मल निकला

एक बच्ची भागी-भागी आई लिपट गई मेरे पैरों से
रिस रहा था उससे ख़ून
गहरी लकीरें थीं उसके चेहरे पर
उसका पीछा करने वाले दिख नहीं रहे थे
वह किसी अदृश्य से डर रही थी
और काँप रही थी

उसका चाचा उसे घसीटते हुए ले गया

कुछ दिन पहले ब्लड टेस्ट करवाया था लौह तत्व भरपूर है ख़ून में


बिखर से गए घर के दरवाज़े पर झिलगी खटिया पर जर्जर वृद्ध ने
तरल-सी सब्ज़ी में रोटी तोड़ते हुए कहा
बेटा, आओ, खा लो
फिर वह कहीं डूब गया अपने में

मेरा पाचनतन्त्र ठीक है, जो कुछ भी खाता हूँ, पच जाता है

नुक्कड़ पर एक बड़े से चमकदार झूठ के आसपास
तमाम सच्चाईयों के कन्धे झुके हुए मुझे मिले
बन्धे थे उनके हाथ ख़ुद से

शुगर ठीक है मेरा, इसे कण्ट्रोल में रखना है

भागा जा रहा था एक युवा
उसके पीठ पर कोड़े की मार के उभार दिख रहे थे
छिल गई थी पूरी पीठ रक्त बह कर वहीँ जम गया था

उसे कोई नौकरी चाहिये होगी
मैंने देख लिए उसके गुम चोट

मेरी आँखों का लेंस उम्र के हिसाब से ठीक है
पर दूरदृष्टि ख़राब हो चली है
यह कोई बड़ी बात नहीं, क्या कीजिएगा दूर तक देखकर
— डॉक्टर ने कहा

पैथालोजी में कोलेस्ट्राल के टेस्ट की रिपोर्ट देख रहा था

एक फीकी-सी युवा स्त्री
पूछ रही थी कि उसके पति के हर्ट अटैक की आशंका चेकअप में क्यों नहीं दिखी थी

जब बचना असम्भव था
क्यों आई०सी०यू० में उन्हें इतने दिनों तक रखा गया
कहाँ से भरेगी वह यह कर्ज़

एच०डी०एल० सही निकला एल०डी०एल० कम हो रहा है

सगीर ने कहा भाईजान अब घूमने टहलने की हिम्मत न रही
क्या रखा है मेल मुलकात में

मैंने अपने घुटने देखे ठीक हैं दोनों

पर इधर रीढ़ झुकती जा रही है
और तनकर कर खड़े होने की हिम्मत छूटती जा रही है
अब तो किसी पर तमतमाता भी नहीं हूँ


ठीक हूँ मैं
वैसे

तो ।
अरुण देव
About the poet

अरुण देव

View profile & all 90 Poems / Stories

More from अरुण देव

  1. क्या तो समय - अरुण देव

    शिक्षा : जवाहरलाल नेहरू विश्व-विद्यालय(नई दिल्ली) से एम.फिल.,पी.एच.डी. ,विश्व-विद्यालय अनुदान आयोग की फेलोशिप के अंतर्गत मोहन राकेश और आचार्य महावीरप्रसाद द्दिवेदी पर शोध कार्य, क्या तो समय (कविता-संग्रह) 2004 भारतीय ज्ञानपीठ,नई दिल्ली, कुछ आलोचनात्मक लेख, संस्कृति,उपनिवेश और हिंदी आलोचना बहुवचन-८, राष्ट्र की अवधारणा, भारत का अतीत और भारतेन्दु हरिश्चन्द्र,बहुवचन-11,उपनिवेश और हिंदी का स्वरूप,बहुवचन -२५ ,Mahatma Gandi international Hindi University,Verdha....... हिंदी नवरत्न.

    12.4K reads
  2. दाँत का टूटना - अरुण देव

    जहाँ से टूटा था दाँतजीभ बार बार वहीं जाती सहलाती

    12.4K reads
  3. बाएँ बाजू का टूटना - अरुण देव

    दाएँ हाथ में बायाँ अदृश्य रहता थादायाँ ही जैसे हाथ हो

    12.4K reads
  4. आओ, आत्महत्या करें - अरुण देव

    १)इतिहास में उन्होंने कभी मुझे मारा था

    12.4K reads
  5. ततैया का घर - अरुण देव

    घरों में कहीं किसी जगह वह अपना घर बनाती हैंछत्ते जहाँ उनके अण्डे पलते हैं

    12.4K reads