औरतें अगर हँस रही हैं
तो कोई हँसने की बात होगी
उनके आँसुओं की प्यासी यह सभ्यता
मर्यादित मुस्कान की अभ्यासी यह संस्कृति
उनकी समवेत हँसी से थर-थरा रही है
डर रही है उनके खुले ठहाकों से
औरतों को अगर रोका न जाए
और बात-बेबात टोका न जाए
तो वे हँसेगी
वे देखती हैं एक नन्हे शिशु का धीरे-धीरे पुरुष में बदल जाना
उनसे कुछ भी छिपा नहीं हैं
आदम की दुनिया को जिसने ख़ुद सँवारा हो
और जो अब भी रच रही है यह दुनिया
वे इस दुनिया से अपने निर्वासन की इस विडंबना पर हँस तो सकती हैं
वे हँस रही हैं
कि उनकी औलादें नाकाम रहीं उन्हें समझने में
वे हँस रही हैं कि उनका अभी भी कोई पुरुष-मित्र नहीं
वे हँस रही हैं
कि उनकी ख़ुदमुख़्तारी से डरता आदम
उनकी हँसी से भी डरता है।








