तथास्तु - अरुण चन्द्र रॉय

अरुण चन्द्र रॉयअरुण चन्द्र रॉय30 Sept 1972

3 min read · 12.4K reads

ईश्वर ने
पत्थर बनाए और उनमें भर दी दृढ़ता
फिर उसने बनाईं नदियाँ और उनमे भर दी चंचलता
ईश्वर ने बनाया वृक्ष और उनके भीतर भर दिया हरापन
उसी ईश्वर ने बनाई मिटटी और धीरज भर दिया उसके कण-कण में
ईश्वर ने ही बनाया अग्नि को और उसमे भरा तेज़

फिर ईश्वर ने पत्थर से ली उधार दृढ़ता,
नदी से चंचलता,
वृक्ष से हरापन,
मिटटी से धीरज
और अग्नि से तेज़
और बनाया स्त्री को

ईश्वर ने
उसके रोम-रोम में भर दिए
करुणा और प्रेम
फिर ईश्वर
तथास्तु कहकर चला गया पृथ्वी से

स्त्री के बाद कुछ और शेष नहीं सृष्टि में !
अरुण चन्द्र रॉय
About the poet

अरुण चन्द्र रॉय

View profile & all 34 Poems / Stories