एक फूल का आत्मवृत्त - अरुण आदित्य

अरुण आदित्यअरुण आदित्य

5 min read · 12.4K reads

अपने बारे में बात करना बिलकुल अच्छा नहीं लगता
पर लोगों की राय है कि मैं एक विशिष्ट फूल हूं
85 प्रतिशत मधुमक्खियों का मानना है
कि सबसे अलहदा है मेरी खुशबू
और 87 प्रतिशत भौंरों की राय है
कि औरों से अलग है मेरा रंग

टहनी से तोड़ लिए जाने के बाद भी
बहुत देर तक बना रह सकता हूं तरो-ताजा
किसी भी रंग के फूल के साथ
किसी भी गुलदस्ते की शोभा में
लगा सकता हूं चार चांद

मुझे चढ़ाने से प्रसन्न हो जाते हैं देवता
और मेरी माला पहनते ही वशीभूत हो जाते हैं नेता
मेरी एक छोटी सी कली
खोल देती है प्रेम की संकरी गली

यहां तक आते-आते लडख़ड़ा गई है मेरी जुबान
जानता हूं कि बोल गया हूं जरूरत से कुछ ज्यादा
पर क्या करूं यह ऐसी ही भाषा का समय है
कि बोलकर ऐसे ही बड़े-बड़े बोल
महंगे दामों पर बिक गए मेरे बहुत से दोस्त
पर जबान ने लडख़ड़ाकर बिगाड़ दिया मेरा काम

ऐसे वक्त पर जो लडख़ड़ा जाती है यह जुबान
दुनिया की दुकान में क्या इसका भी कोई मूल्य है श्रीमान?
अरुण आदित्य
About the poet

अरुण आदित्य

View profile & all 31 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like