हुज़ूर का तूफ़ानी दौरा हम पर किसी दौरे की तरह गुज़रा

अर्पण कुमारअर्पण कुमार14 Sept 1977

1 min read · 12.4K reads

बड़ी-बड़ी आँखों से

छलछलाते उस वनिता के आँसू

बड़े-बड़े लोगों के

छोटेपन को बताते चले गए,

शातिर मंसूबों के संग

शहंशाह शहर में आए थे

हमारे हर तर्क को

कुतर्क से कुचलते चले गए

हर सू बदलावों का सैलाब

उठाना था उन्हें

हर सू इंसानों को

चीज़ों से बदलते चले गए,

हम बिछे नहीं जी-हुज़ूरी में

जिसकी सज़ा मिली

वे हमारी गर्दनों पर

पाँव रखते चले गए

उनके तूफ़ानी दौरे की ख़बरों से

शहर के अख़बार अटे पड़े हैं

इस दौरे में हम जो लुटे-पिटे

ख़बरों की कतरनें

हुज़ूर के वज़ीर को भेज रहे हैं।

अर्पण कुमार
About the poet

अर्पण कुमार

View profile & all 59 Poems / Stories