वितान - अर्चना कुमारी

अर्चना कुमारीअर्चना कुमारी27 Sept 1984

4 min read · 12.4K reads

भूलक्कड़ हो रहा है दिन
तपते छत के नीचे

तृषा और तृप्ति के मध्य
पृष्ठ गिने जा रहे हैं किताबों के

शब्दों में अन्तस्थ भाव जल
उतर कर दृगों में
शीर्षक की गिनती भिगोते हैं

ठहरने में भय है
डूब जाने का
किनारे-किनारे नदी के
रोपती हूँ मन

बहुत सी कही गयी बातों में
अनकहा सा कुछ नहीं
सुनने जैसी तरलताओं में
अंकन की दृश्यता का गीत है
तुम हो

जब कहीं छूट जाएँ शब्द
विस्मृत हो जाए भाव
उलट-पुलट हो जाए गिनती की संख्या
विस्तार का कोई अवयव कम लगे
केवल इतना याद रखना
कि समवेत स्वर में कहा है
प्रेम हमने

तुम्हारे दीर्घ में वितान पा रहा है
मेरा ह्रस्व!
अर्चना कुमारी
About the poet

अर्चना कुमारी

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like