पराजित होकर लौटा हुआ इन्सान - अरविन्द कुमार खेड़े

अरविन्द कुमार खेड़ेअरविन्द कुमार खेड़े27 Sept 1973

3 min read · 12.4K reads

पराजित होकर लौटे हुए इन्सान की
कोई कथा नहीं होती है
न कोई क़िस्सा होता है
वह अपने आप में
एक जीता-जागता सवाल
होता है

वह गर्दन झुकाये बैठा रहता है
घर के बाहर
दालान के उस कोने में
जहाँ सुबह-शाम
घर की स्त्रियाँ
फेंकती है घर का सारा कूड़ा-कर्कट

उसे न भूख लगती
न प्यास लगती है
वह न जीता है
न मरता है
जिए तो मालिक की मौज
मरे तो मालिक का शुक्रिया

वह चादर के अनुपात से बाहर
फैलाए गए पाँवों की तरह होता है
जिसकी सज़ा भोगते हैं पाँव ही ।
अरविन्द कुमार खेड़े
About the poet

अरविन्द कुमार खेड़े

View profile & all 39 Poems / Stories