जब भी तुम मुझे - अरविन्द कुमार खेड़े

अरविन्द कुमार खेड़ेअरविन्द कुमार खेड़े27 Sept 1973

4 min read · 12.4K reads

जब भी तुम मुझे
करना चाहते हो जलील
जब भी तुम्हें
जड़ना होता है
मेरे मुँह पर तमाचा
तुम अक्सर यह कहते हो --
मैं अपनी हैसियत भूल जाता हूँ
भूल जाता हूँ अपने आप को

और अपनी बात के
उपसंहार के ठीक पहले
तुम यह कहने से नहीं चुकते --
मैं अपनी औक़ात भूल जाता हूँ

जब भी तुम मुझे
नीचा दिखाना चाहते हो
सुनता हूँ इसी तरह
उसके बाद लम्बी ख़ामोशी तक
तुम मेरे चेहरे की ओर
देखते रहते हो
तौलते हो अपनी पैनी निगाहों से

चाह कर भी मेरी पथराई आँखों से
निकल नहीं पाते हैं आँसू
अपनी इस लाचारी पर
मैं हँस देता हूँ
अन्दर तक धँसे तीरों को
लगभग अनदेखा करते हुए
तुम लौट पड़ते हो
अगले किसी
उपयुक्त अवसर की तलाश में ।
अरविन्द कुमार खेड़े
About the poet

अरविन्द कुमार खेड़े

View profile & all 39 Poems / Stories