किरच-किरच - आरती मिश्रा

आरती मिश्राआरती मिश्रा

6 min read · 12.4K reads

यह सब कुछ काँटों की सेज में सोने जैसा था
फिर भी मैं सोई और
ऐसा लगा कि कई जन्मों तक सोती रही

इन दिनों और उन दिनों भी यही किया मैंने
ना कहना चाहकर भी कहा ‘हाँ’ और ‘हाँ’
मैंने ये किया
मैंने वो किया
इसलिए कि
सब चाहते रहे ‘यही होना चाहिए’

कुछ विचित्र लगा कि यह सब
भीड़ सा काम करते हुए भी मैं
अलग और विशिष्ट रेखांकित हुई
और वह महीन आवाज़ जो लगातार गूँजती रही
उसे अनसुना किया मैंने
नासमझ बनी रही
ठेलती और तोड़ती रही खुद को किरच किरच

ये काँच के टुकड़े थे
ऐसे टुकड़े जिनमें न तो प्रतिबिम्ब दिखता
ना ही आर-पार
इन टुकड़ों को समेटती
मेरी पाँचों उँगलियाँ लहूलुहान हुई हैं
और रेशे-रेशे बिखरा है मेरा अस्तित्व

इन प्रक्रियाओं से गुज़रते जाने
कि निषेध के पाले में खड़ी होने के बावजूद
कोई हुँकार न भर पाने के बाद
मैं दूर कहीं भागकर गुम होना चाहती हूँ
किसी गुफा के अँधेरे कोने में छिपकर
उजास के तिनकों को मुट्ठियों में समेटना चाहती हूँ
दौडक़र किसी पहाड़ पर चढ़ना और चीख़ना चाहती हूँ
घुस जाना चाहती हूँ उस बियावान में
जहाँ आवाज़ें हर प्रश्न के उत्तर ढूँढ़ लाती हैं।
आरती मिश्रा
About the poet

आरती मिश्रा

View profile & all 31 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like