कवि-श्री - आरसी प्रसाद सिंह

आरसी प्रसाद सिंहआरसी प्रसाद सिंह19 Sept 1911 – 15 Sept 1996

10 min read · 12.3K reads

आया बन जग में प्रातः रविः
मैं भारत-भाग्य विधाता कवि !

तोड़ता अलस जग-जाल जटिल;
सुकुमार, स्नेह-धारा-उर्म्मिल !
मैं पुरुष-पुरातन, प्रेम-दान;
चिर-कविर्मनीषी, सृष्टि-प्रान !!
बरसाती लौह-लेखनी पवि;
मैं विद्रोही इठलाता कवि !

सुर-तरु-सा कर सौरभ-प्रसार
सौंदर्य-पिपासा कुल, उदार;
शाश्वत, अनंत, अच्युत, अक्षर;
मैं चिर-अनादि, अतुलित, निर्जर !
सिकता पर अंकित करता छवि,
मैं नवयुग का निर्माता कवि !

छंदों में बाँध मरुत, सागर;
नाचता नित्य मैं नट-नागर !
शशि, उडु, ग्रह क्रम-क्रम से सभ्रम
करते मानस में संचक्रम !
प्राणों की अपने देता हवि;
मैं भारत-भाग्य विधाता कवि !

आँधी-सी मेरी गति अशांत;
मैं कुवलय-कोमल, कुमुद-कांत !
विग्रह, विनाश, मूर्च्छा, प्रमाद;
मैं अमृत-कल्पना, विष-विषाद !
उद्भासित, शाशित दिग्दिगंत
मेरी प्रतिभा से शुचि-ज्वलंत !!
आक्रांत कर रही प्रांत-प्रांत;
आँधी-सी मेरी गति अशांत !

मैं प्रलय-प्रभंजन, शुभ मुहूर्त;
मंगल, मराल-वाहन, अमूर्त्त !
मैं धूम-ध्वज, मैं मकर केतु,
आकाश विहारी, सिंधु सेतु !!
मैं निष्ठुर, निर्भय, मदोन्भ्रांत;
प्रतिभा से मेरी नभाक्रांत !

उद्धत, अनियंत्रित, महावीर;
सुमनाधिराज मैं सुनाशीर !
युग-युग प्रसिद्ध, युग-युग प्रशस्त;
मैं अमर-वाक् कवि वरद-हस्त !!
चीत्कार-चकित, निर्द्वंद्व, भ्रांत;
मैं आँधी, झंझारव अशांत !

.... .... ....

मैं निरुपम कवि प्रिय, निर्विकार
पाटल-पलाश-पेलव, कुमार !

सुख-दुख-स्वप्न-सस्मित, विभोर
रहता मैं चिर-शिशु, चिर-किशोर
मृग-सा कस्तूरी गंध-अंध
फिरता वन-वन में मैं अबंध !!
वाणी नन्दित मंदार हार
मैं विश्व-विमोहन कलाकार !

भावों का बहता जब समीर
आता नयनों में छलक नीर
मैं अपने गीतों से अधीर
गुंजित कर देता वन-कुटीर !
इस भवतोयधि-जाप मेंअपार
मैं नाविक कवि, निरुपम, उदार !
मैं चिर-सुंदर, चिर-मधु अनंत
मधुमत्त मधुव्रत्त, मधु वसंत !
यौवन मकर्ष, उन्माद-हर्ष !!
पारस-सा मेरा स्वर्ण स्पर्श !
मैं जगद्वंद्व, जग-मुक्ति-द्वार
कवि चिदानंद, उज्ज्वल, उदार !


(हंस : मार्च 1935)
आरसी प्रसाद सिंह
About the poet

आरसी प्रसाद सिंह

View profile & all 29 Poems / Stories

More from आरसी प्रसाद सिंह

  1. चाँद को देखो - आरसी प्रसाद सिंह

    चाँद को देखो चकोरी के नयन सेमाप चाहे जो धरा की हो गगन से।

    12.4K reads
  2. नए जीवन का गीत - आरसी प्रसाद सिंह

    मैंने एक किरण माँगी थी, तूने तो दिनमान दे दिया।चकाचौंध से भरी चमक का जादू तड़ित-समान दे दिया।

    12.4K reads
  3. जीवन का झरना - आरसी प्रसाद सिंह

    यह जीवन क्या है? निर्झर है, मस्ती ही इसका पानी है।सुख-दुख के दोनों तीरों से चल रहा राह मनमानी है।

    12.4K reads
  4. सैर सपाटा - आरसी प्रसाद सिंह

    कलकत्ते से दमदम आएबाबू जी के हमदम आए

    12.4K reads
  5. जय अखंड भारत - आरसी प्रसाद सिंह

    शक्ति ऐसी है नहीं संसार में कोई कहीं पर, जो हमारे देश की राष्ट्रीयता को अस्त कर दे ।ध्वान्त कोई है नहीं आकाश में ऐसा विरोधी, जो हमारी एकता के सूर्य को विध्वस्त कर दे !

    12.3K reads

More Poetry & Stories You May Like