एक साधारण आदमी
कभी इतनी दूर नहीं जाता
कि शाम तक
घर लौटकर आ न सके
साधारण आदमी की मंज़िलें
बहुत दूर नहीं होती
वे भी होती हैं
साधारण और उसके रिश्तों की तरह
उसके आस-पास ही
असाधारण आदमी
बहुत दूर निकल जाते हैं
गाँव घर उनका नाम जपता है
और असाधारण आदमी
अकेलेपन में घर की तरफ़
पीठ करके रोना चाहता है
पर रो नहीं पाता
घर से बहुत दूर निकल जाने पर
मिलती हैं असाधारण मंज़िलें
जहाँ से कोई राह
घर तक वापस नहीं आती








