नींद जिसे रात भर नहीं आती

अरमान आनंदअरमान आनंद

1 min read · 12.5K reads

नींद जिसे रात भर नहीं आती

मुमकिन है

वह दुनिया बदलने के सपने देख रहा हो

नींद जिसे रात भर नहीं आती

मुमकिन है

वह प्रतिघात की योजनाएँ बना रहा हो

नींद जिसे रात भर नहीं आती

मुमकिन है

उसके कानों में गूँज रही हो

बच्चों के रोने की आवाज़ें

नींद जिसे रात भर नहीं आती

मुमकिन है

उसकी बाँहों में पड़ी हो

एक सभ्यता की लाश

नींद जिसे रात भर नहीं आती

मुमकिन है

वह अभी-अभी जान गया हो

सत्ता की सारी साज़िशें

नींद जिसे रात भर नहीं आती

मुमकिन है

उसे प्रेम हुआ हो

नींद

जिसे रात भर नहीं आती

मुमकिन है

उसे चाँद की लुका-छिपी पसंद हो

नींद

जिसे रात भर नहीं आती

मुमकिन है

उसे भागना है आज की रात

धता बताते हुए

किसी बूढ़ी खाप-पंचायत को

नींद

जिसे रात भर नहीं आती

मुमकिन है

वह निगलने वाला हो पूरा का पूरा देश

बदलने वाला हो

मानवों को संसाधनों में

पीने वाला हो

हज़ारों-हज़ार लीटर कच्चा तेल

सता रही हो उसे

अपने गोदाम को बाज़ार में ख़ाली करने की फ़िक्र

रौंदने वाला हो

एक पूरी की पूरी क़ौम को आतंकवादी बताकर

चबा जाने वाला हो

एक पूरी की पूरी भाषा

काट खाने वाला हो

किसी मज़दूर के हाथ-पैर

रात भर चोरी-चोरी बदल रहा हो शब्दावलियाँ

तानाशाही को जनवाद में

लूट को शांति बता रहा हो

रच रहा हो

पूरी की पूरी विष की विचारधारा

फ़िराक़ में हो

दिमाग़ों के शिकार के

इन्हें नींद आनी चाहिए

सुला दो इन्हें

वही गीत गाकर

जो तुमने गाया है

धान रोपते हुए

महुआ चुनते हुए

पेड़ों से लकड़ियाँ काटते हुए

चरख़ा कातते हुए

फाँसी पर चढ़ते हुए

अल्फ़्रेड पार्क में गोलियाँ खाते हुए

किसी तानाशाह का सिर कुचलते हुए

सुला दो इन्हें

इन्हें नींद आनी चाहिए

और यह नामुमकिन नहीं है…

अरमान आनंद
About the poet

अरमान आनंद

नई पीढ़ी के सुपरिचित कवि-लेखक।

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like