फ़ैसला

अरमान आनंदअरमान आनंद

1 min read · 12.4K reads

बतौर कवि और दुनिया के अदने से चिंतक की हैसियत से

स्वयं को न्यायाधीश मानकर

सबसे पहले यह तय कर दिया मैंने

कि सरकार ही आरोपी है

उसे फाँसी दे दो

लिखा और तोड़ दी क़लम

कि इस आरोपी को मौत तक

फाँसी पर लटकाए रखा जाए

अब सरकार चाहे तो मुझे

देशद्रोही क़रार दे

चाहे तो

नक्सली

चाहे तो

वह मुझे

पागल कहे

चाहे तो

मुझे उकसाए

आत्महत्या के लिए

जैसा किसानों को उकसाती है

अभावों के बीच रखकर

अपने साथियों का नरमुंड लेकर दिल्ली में भटकने के बदले

किसानों

उठो

कपास उगाओ

बनाओ फाँसी की सबसे मोटी

और सबसे बड़ी फाँद वाली रस्सी

जिसमे अँट सके

अँधेर नगरी वाले राजा का गला

तुम्हारा कवि

तुम्हारी रक्षा के लिए

आज जल्लाद की भी भूमिका अदा करेगा

अरमान आनंद
About the poet

अरमान आनंद

नई पीढ़ी के सुपरिचित कवि-लेखक।

View profile & all 32 Poems / Stories