दीवार में चुनवा दी गई है इक खिड़की

अरमान आनंदअरमान आनंद

1 min read · 12.4K reads

दीवार में चुनवा दी गई है इक खिड़की

खिड़की

जिस पर

हँस पर बैठ

उड़ आता था राजकुमार

और बढ़ जाता था फूलकुमारी का वज़न

दीवार में चुनवा दी गई वो खिड़की

जहाँ से पद्मिनी झाँकती और हँस देती थी

अलाउद्दीन ग़श खाकर गिर जाता था

खिड़की जिसमें चिड़िया ही नहीं

पत्थर भी लाते थे ख़त और फ़ोन नंबर

खिड़की के बाहर चकोरों की तादाद बताती है

खिड़की में एक चाँद जवाँ है

दहलीज़

जब पाँव में बेड़ियाँ बनती है

खिड़की रास्ता देती है

इश्क़ की बाँहों तक का पता बताती है

इसी चुनवा दी गई खिड़की ने नीचे की मिट्टी में ढूँढ़ो

इक आशिक़ का ख़त दफ़न है

इक लैला की टूटी चप्पल मिलेगी

गाँव के बीचोबीच

बरगद के नीचे जो साफ़ा बाँधे चौधरी बैठा है न

उसकी नाक भी यहीं कहीं घास में खोई मिलेगी

खिड़की होती है दीवार में

जैसे काँटों बीच खिल ही जाता है गुलाब

खिड़की में उठती हैं जब दीवारें

ग़ुसलख़ानों की छतों से रस्सियाँ झूलने लगती हैं

ख़ाली खिड़कियाँ नाकाम आशिक़ों को बहुत मुँह चिढाती हैं

इतना भी बुरा नहीं दीवार का उठ जाना

अरमान आनंद
About the poet

अरमान आनंद

नई पीढ़ी के सुपरिचित कवि-लेखक।

View profile & all 32 Poems / Stories